
ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनिजाद ने कहा है कि अफगानिस्तान की समस्याओं का हल न तो अमेरिकी और न ही नेटो सेना ढूंढ सकती है। अफगानिस्तान और ताजिकिस्तान के राष्ट्रपतियों के साथ त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन में अहमदीनिजाद ने कहा कि अफगानिस्तान को खुद ही इन समस्याओं से निपटना होगा और इसमें ईरान उसकी मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि उनका देश अफगानों के साथ राजनीतिक और भावनात्मक दृष्टि से जुड़ा हुआ है और वहां शांति, स्थिरता और प्रगति के लिए सबसे ज्यादा उत्सुक है। अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई ने कहा कि ईरान के साथ उनके देश का व्यापार ढेड अरब डॉलर तक पहुंच गया है और इसके और अधिक बढ़ने से अफगानिस्तान को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि उनका देश विभिन्न क्षेत्रों में ईरान के साथ संबंध बढ़ाने के लिए तैयार है।ताजिक राष्ट्रपति इमोमली रहमान ने तीनों देशों के बीच रेल संपर्क स्थापित करने और उसे चीन के साथ जोड़ने का सुझाव दिया।






