
भारत ने कानपुर क्रिकेट टैस्ट मैच में श्रीलंका को एक पारी और 144 रन से हराकर टैस्ट क्रिकेट में एक सौवीं जीत दर्ज कर ली है। मैच में कुल छह विकेट लेने वाले एस श्रीसंत को 'मैन आफ द मैच' घोषित किया गया। मैच के चौथे दिन ही मिली इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की श्रृखला में एक - शून्य की बढ़त बना ली है और टीम इंडिया आईसीसी टैस्ट रेंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गई है। श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच दो दिसम्बर से मुंबई में खेला जाएगा। इस बीच श्रीलंका को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम पर एक पारी और 144 रन से हराने वाला भारत भले ही टेस्ट जीत का सैकड़ा पूरा करने वाला छठा देश बन गया हो लेकिन पहली जीत दर्ज करने के लिए उसे दो दशक का लंबा इंतजार करना पड़ा था। भारत ने अब तक 432 टेस्ट खेले हैं जिसमें से उसे 100 में जीत जबकि 136 में हार मिली। एक मैच टाई रहा जबकि 194 मैच अनिर्णित समाप्त हुए।वर्ष 1932 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण के बाद भारत ने लगभग दो दशक बाद विजय हजारे की अगुआई में फरवरी 1952 में मद्रास (अब चेन्नई) में इंग्लैंड को पारी और आठ रन से हराकर पहली बार जीत का स्वाद चखा था।भारत ने जनवरी 1994 में लखनऊ में श्रीलंका को हराकर ही अपनी जीत का अर्धशतक पूरा किया था लेकिन तब उसकी जीत का औसत केवल 17:42 प्रतिशत था। भारत हालांकि तब तक टेस्ट क्रिकेट में अपने लिए मजबूत जगह बना चुका था और शायद यही कारण है कि उसने इसके बाद जीत के शतक तक का सफर तय करने में 145 मैच और 15 साल का समय लिया और इस दौरान उसकी जीत का प्रतिशत 34:48 रहा।






