आतंकवादी संगठन अल कायदा की यमन स्थित शाखा ने कहा कि उसने यमन के एक सुरक्षा अधिकारी की हत्या कर दी है और इस शख्स का वीडियो संगठन की वेबसाइट पर डाल दिया गया है।वीडियो में दिख रहा शख्स बासम तारबुश यमन का एक सुरक्षा अधिकारी है जिसके आंखों पर पट्टी बांधी गयी है। उसने वीडियो के जरिए कहा कि वो दूसरे लोगों को सलाह देना चाहते हैं कि वह इस जैसा कोई कदम नहीं उठाएं और अमरीकी खुफिया विभाग के लिए काम नहीं करें।वीडियो में दिखाया गया है कि अल कायदा की सूचना अमरीकी खुफिया विभाग तक पहुंचाने के आरोप में गत जून में अपहृत किए गए इस शख्स को आतंकवादी गोली मारने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि वीडियो में गोली मारते हुए नहीं दिखाया गया है। बाद में वीडियो में जारी तस्वीरों में इस शख्स का सिर धड़ से अलग दिखाया गया है।
अल कायदा ने इस महीने कहा था कि सउदी अरब की सीमा के समीप एक हमले में यमन के नौ सुरक्षा अधिकारियों की हत्या में भी इसका हाथ है।पश्चिमी देशों और सउदी अरब को इस बात का डर है कि अल कायदा उत्तरी यमन में शिया विद्रोहियों की बगावत और देश के दक्षिण हिस्से में अलगाववादी भावनाएं भडकाकर क्षेत्न में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं। संयुक्त राष्ट्र की आतंकवाद निरोधक शाखा ने भी पिछले हफ्ते कहा था कि अल कायदा की यमन स्थित शाखा अन्य के मुकाबले बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।गौरतलब है कि अमरीका में नौ सितंबर 2001 को हुए हमले के बाद यमन आतंकवाद विरोधी अभियान में अमरीका के साथ हो गया था।