बांग्लादेश ने रविवार को अपनी इस दृढ़ता को रेखांकित किया कि वह अपने या किसी भी पड़ोसी देश के खिलाफ विध्वंसक गतिविधियों के लिए आतंकवादियों को अपनी सरजमीं का इस्तेमाल नहीं करने देगा।विदेश मंत्री दिपू मोनि ने कहा कि हमने अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी भी आतंकवादी द्वारा नहीं होने देने की बात कही है। हम इसे लेकर दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अवामी लीग सरकार बांग्लादेश या पड़ोसी देशों के खिलाफ किसी भी विध्वंसक गतिविधि के लिए आतंकवादियों को अपनी जमीन का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देगी।भारत-बांग्लादेश सबंधों पर एक परिचर्चा में विदेश मंत्री ने कहा कि विदेश से पैदा हो रहे और हमारी खुद की सरजमीं से जन्म ले रहे आतंकवाद से लड़ने और इसे मिटाने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। भारत के अलगाववादी नेता उल्फा प्रमुख अरविंद राजखोवा की बांग्लादेश से गिरफ्तारी की खबरों पर टिप्पणी के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमने किसी भी आतंकवादी को अपनी जमीन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी है। हम इसे लेकर दृढ़संकल्पित हैं।
मोनि के बयान से पहले गृह मंत्री सहारा खातून ने इस बात से इंकार कर दिया था कि राजखोवा को बांग्लादेश की सरजमीं से गिरफ्तार किया गया। बांग्लादेश की पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी बांग्लादेश से उसकी गिरफ्तारी की खबरों को खारिज कर दिया है।मोनि ने कहा कि विनाशकारी कट्टरपंथी ताकतें हम सभी के लिए खतरा हैं। उन्होंने कहा कि हम इन कट्टरपंथी ताकतों को जवाब देंगे और इन बाहरी ताकतों से संयुक्त तौर पर निपटेंगे तथा संघर्ष करेंगे। देश से आतंकवाद को खत्म करने की सरकार की प्रतिबद्धता जता चुकीं प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा 18 दिसंबर से उनके तीन दिवसीय भारत दौरे के समय आतंकवाद एवं संगठित अपराधों से निपटने के लिहाज से प्रमुख करारों पर दस्तखत की संभावना है। बांग्लादेशी अधिकारियों के मुताबिक दोनों देश तीन समझौतों पर दस्तखत कर सकते हैं।
| Comments |
|
3.26 Copyright (C) 2008 Compojoom.com / Copyright (C) 2007 Alain Georgette / Copyright (C) 2006 Frantisek Hliva. All rights reserved."
| < Prev | Next > |
|---|




