
अल कायदा ने छह महीने पहले पुणे के जर्मन बेकरी ब्लास्ट के लिए जिम्मेदारी ली है। यह पहला मामला है जब अल कायदा ने भारत में हुए किसी धमाके की सीधी जिम्मेदारी ली है। भारतीय खुफिया एजेंसियों के हाथ लगे एक वीडियो टेप में अल कायदा के चीफ ओसामा बिन लादेन के डिप्टी मुस्तफा अल याजिद ने इन धमाकों के लिए जिम्मेदारी ली है। वीडियो क्लिप में याजिद ने पुणे ब्लास्ट को अंजाम देने वाले जेहादियों की तारीफ की है साथ ही दूसरे जेहादियों को उनसे प्रेरणा लेने की बात भी कहते हुए दिखाया गया है। अल कायदा के सांगठनिक ढांचे में नंबर तीन के सदस्य याजिद के बारे में बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान इलाके में 22 मई, 2010 को मारा गया है। रिसर्च एंड एनालिसिस विंग के हाथ लगे इस टेप में याजिद को यह कहते हुए दिखाया गया है कि 13 फरवरी, 2010 को पुणे के इस मशहूर बेकरी में हुए धमाकों की साजिश अल कायदा ने रची थी और इसे अंजाम भी उसी ने दिया। इस वीडियो में याजिद कहता है, ' मैं पूरे मुस्लिम समुदाय खासकर जेहादियों से अपील करता हूं कि वह अपने एक जेहादी भाई(पुणे जर्मन बेकरी ब्लास्ट को अंजाम देने वाला आतंकवादी) से सीख लें। हमारे इस बेखौफ फिदायीन ने इस्लाम के खिलाफ खड़े और इस्लाम के दुश्मनों को पनाह देने वाले लोगों को सबक सिखाया है।'






