संदिग्ध अमेरिकी आतंकवादी डेविड हेडली ने आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैबा के इशारे पर पांच शहरों में स्थित यहूदी ठिकानों पर एक साथ हमले की साजिश बनाई थी। इस योजना को अंतिम रूप देने के लिए ही वह मार्च में भारत आया था। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई और अमेरिकी न्याय विभाग से मिली जानकारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हेडली की भारत यात्रा के तार जोड़े। इसके बाद ही हेडली के बारे में ये नतीजे निकाले गए हैं। हेडली के निशाने पर मुंबई स्थित इजरायली एयरलाइंस ईआई एआई भी थी। सूत्रों के मुताबिक, हेडली ने दिल्ली जाने से पहले मार्च में कफ परेड स्थित ईआई एआई एयरलाइंस के ऑफिस की जासूसी की। नई दिल्ली में वह पहाड़गंज के एक छोटे से होटल में टिका जो यहूदी बहुल छाबड़ हाउस से 300 मीटर की दूरी पर था। यहां अक्सर इस्त्राइल से लोग आते रहते हैं। हेडली लश्कर के जासूसी मिशन के तहत छाबड हाउस भी गया जहां उसने खुद को इजरायली बताया। इस सिलसिले में एनआईए ने कुछ लोगों के बयान भी रिकॉर्ड किए हैं।
दिल्ली से हेडली राजस्थान में पुष्कर गया जहां उसने खुद को यहूदी बताते हुए यहूदी प्रार्थना घर के सामने के कमरे की मांग की। तीन दिन पुष्कर में रहने के बाद हेडली गोवा चला गया। गोवा से वह पुणे गया जहां उसने कोरेगांव पार्क के आसपास की टोह ली। माना जाता है कि उसने इलाके में यहूदी प्रार्थना केंद्र को निशाना बनाने के लिए इलाके की टोह ली। इसके बाद हेडली मुंबई से पाकिस्तान चला गया।इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने बताया है कि एफबीआई और अमेरिकी न्याय विभाग का एक संयुक्त दल हेडली की गतिविधियों और पाकिस्तान में उसके संपर्कों से मिले सुरागों की तफ्तीश करेगा।इस बीच एफबीआई द्वारा गिरफ्तार पाकिस्तानी-अमेरिकी और लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली ने अदालत में पेश किए जाने के बाद खुद को दोषी मानने से इनकार कर दिया।गौरतलब है कि दो दिन पहले हेडली पर मुंबई आतंकी हमलों की साजिश में मदद देने का आरोप लगाया गया था।इस वर्ष अक्टूबर में गिरफ्तार हेडली ने डेनमार्क में आतंकी हमले करने की साजिश रचने के आरोपों से भी इनकार किया। इस मामले की अगली सुनवाई अब अगले वर्ष 12 जनवरी को होगी।टखनों में बेड़ियां लगे हेडली को अदालत के समक्ष पेश किया गया और उस पर आपराधिक साजिश रचने के छह आरोप लगाए गए हैं।हेडली पर भारत में सार्वजनिक स्थानों पर बम रखने, भारत और डेनमार्क में लोगों की हत्या करने की साजिश रचने, विदेशी आतंकवादियों की साजिश में मदद करने और पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को मदद मुहैया कराने के आरोप लगाए गए हैं।