Lokmanch

Thursday
Sep 09th
Text size
  • Increase font size
  • Default font size
  • Decrease font size

सहवाग का धमाका भारत को बढत

E-mail Print
User Rating: / 0
PoorBest 

सहवाग का धमाका भारत को बढत भारतीय क्रिकेट टीम ने ब्रेबॉर्न स्टेडियम में श्रीलंका के साथ खेले जा रहे तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (नाबाद 284) और राहुल द्रविड़ (नाबाद 62) की शानदार पारियों की बदौलत 50 रन की बढ़त हासिल कर ली है। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 393 रन बनाए थे।सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (87) के साथ पहले विकेट के लिए 221 रन जोड़ने वाले सहवाग ने 168 गेंदों का सामना करते हुए अपने करियर का छठा दोहरा शतक लगाया और फिर एक बार भी मुड़कर पीछे नहीं देखा। एक-एक कर सहवाग ने मेहमान टीम के सभी गेंदबाजों की खबर ली और 207 गेंदों पर 250 रन पूरे किए। इस दौरान उन्होंने 35 चौके और सात छक्के लगाए।सहवाग ने राहुल द्रविड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए नाबाद 222 रन जोड़े। इसी बीच द्रविड़ ने अपने करियर का 58वां अर्धशतक लगाया। दिन का खेल समाप्त होने तक सहवाग 239 गेंदों का सामना करते हुए 284 रनों पर नाबाद लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 40 चौके और सात छक्के लगाए।सर्वाधिक दोहरे शतक लगाने के मामले में सहवाग ने द्रविड़ (5) को पीछे छोड़ दिया। यह उनके करियर का सबसे तेज दोहरा शतक है। उनका साथ दे रहे द्रविड़ ने 121 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौकों की मदद से 62 रन बनाए हैं।सहवाग अपने करियर के तीसरे तिहरे शतक से मात्र 16 रन दूर हैं। वह जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखकर तो यह आशा की जा सकती है कि वह तीसरे दिन के पहले सत्र में अपने करियर का तीसरा तिहरा शतक लगाने का अनूठा कारनामा कर दिखाएंगे।अनूठा इसलिए क्योंकि इससे पहले विश्व क्रिकेट में किसी बल्लेबाज ने टेस्ट मैचों में तीन तिहरे शतक नहीं लगाए हैं। ब्रायन लारा और मैथ्यू हेडन जैसे बल्लेबाजों ने दो मौकों पर 300 रनों का आंकड़ा पार किया है लेकिन तीन तिहरा शतक किसी के बल्ले से नहीं निकला है। लारा के नाम टेस्ट मैचों में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 400 रन का रिकार्ड दर्ज है।सहवाग ने इससे पहले 2004 में मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ 309 और 2008 में बेंगलुरू में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 319 रन बनाए थे। तिहरे शतक के बेहद करीब पहुंच चुके सहवाग ने अब तक 239 गेंदों का सामना किया है। इस दौरान उन्होंने 40 चौके और सात छक्के लगाए हैं।

अपनी इस महान पारी के दौरान सहवाग ने 101 गेंदों पर 100, 168 गेंदों पर 200 और 207 गेंदों पर 250 रन पूरे किए थे। 284 रनों के अपने व्यक्तिगत योग में सहवाग ने 220 रन सिर्फ चौकों और छक्कों की मदद से बनाए हैं।भारतीय टीम ने 221 रन के कुल योग पर अपना पहला विकेट गंवाया था। मुरली 87 रन के व्यक्तिगत योग पर रंगना हेराथ द्वारा आउट कर दिए गए। गौतम गंभीर की अनुपस्थिति में टीम में जगह पाने वाले मुरली ने अपनी प्रतिभा के साथ पूरा न्याय किया और 121 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और एक छक्का लगाया।इससे ठीक पहले सहवाग ने अपने करियर का 17वां शतक पूरा किया था। इस पारी में 45 रन बनाने के साथ सहवाग ने टेस्ट मैचों में 6000 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया। सहवाग ने यह आंकड़ा छूने के लिए 72वें टेस्ट मैच की 123वीं पारी तक का समय लिया। सहवाग के खाते में 19 अर्धशतक भी दर्ज हैं। इस श्रृंखला में यह उनका दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने कानपुर में 131 रन बनाए थे।टेस्ट मैचों में छह हजार या उससे अधिक रन बनाने वाले वह विश्व के 50वें और भारत के नौवें बल्लेबाज हैं। सहवाग के नाम अब तक 6239 रन दर्ज हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने 12917, राहुल द्रविड़ ने 11182, सुनील गावस्कर ने 10122, सौरव गांगुली ने 7212, दिलीप वेंगसरकर ने 6868, वीवीएस लक्ष्मण ने 6855, मोहम्मद अजहरूद्दीन ने 6212 और गुंडप्पा विश्वनाथ ने 6080 रन बनाए हैं।इससे पहले, एंजेलो मैथ्यूज के 99 रनों के निजी स्कोर पर रन आउट होने के साथ श्रीलंका की पहली पारी 393 रनों पर सिमट गई।  पहले दिन के स्कोर आठ विकेट पर 366 रनों से आगे खेलते हुए मैथ्यूज ने अपनी टीम का स्कोर 400 रनों के पार ले जाने की भरपूर कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके।खेल के पहले सत्र में ही मैथ्यूज और चनाका वेलेगेदारा के रूप में श्रीलंका के शेष दो विकेट भी गिर गए। दूसरे दिन श्रीलंकाई टीम महज 27 रन ही जोड़ सकी। पहले दिन हरभजन सिंह की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम मेहमानों पर कुछ हद तक अंकुश लगाने में सफल रही थी। परंतु तिलकरत्ने दिलशान ने शतक लगाकर अपनी टीम को सम्मानजक स्थिति में पहुंचा दिया था।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली श्रीलंकाई टीम के सलामी बल्लेबाजों दिलशान और परानाविताना ने संभलकर शुरुआत की थी। पहले विकेट के लिए दोनों ने 93 रनों की बेहतरीन साझेदारी की थी।  दिलशान ने 109 रन बनाए थे। उनके करियर का यह 11वां शतक है। परानाविताना ने भी 53 रनों का योगदान दिया था। भारत की ओर से हरभजन ने चार और प्रज्ञान ओझा ने तीन विकेट झटके। जहीर खान और एस. श्रीसंत को भी एक-एक विकेट मिला।गौरतलब है कि कानपुर में खेले गए श्रृंखला के दूसरे मैच में पारी और 144 रनों से जीत हासिल कर भारतीय क्रिकेट टीम श्रृंखला में 1-0 से आगे है। अहमदाबाद में खेला गया पहला मैच ड्रा रहा था।


Comments
Add New Search
+/-
Write comment
Name:
Email:
 
Title:
 
Please input the anti-spam code that you can read in the image.

3.26 Copyright (C) 2008 Compojoom.com / Copyright (C) 2007 Alain Georgette / Copyright (C) 2006 Frantisek Hliva. All rights reserved."

 
Author of this article: Administrator