मैंने पाकिस्तानी से शादी नहीं की है। मैंने उस व्यक्ति से शादी की है जिसे मैं चाहती हूं और उसने भी एक इंसान से शादी की है।’ भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा 28 वर्षीय पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से शादी करने के चार दिन जब पहली बार मीडिया से रू-ब-रू हुई तो सीमापार ब्याह करने के सवाल पर उनका यह जवाब था।23 वर्षीय सानिया ने तल्ख शब्दों में कहा, ‘वह (शोएब) टिम्बकटू से है या कहीं और से यह मायने नहीं रखता। वह कहीं का भी हो सकता है। मैंने इंसान से शादी की है पाकिस्तानी से नहीं। लोग से इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन हम साफ कर देना चाहते हैं हम भी दो इंसान हैं जिन्होंने आम इंसानों की तरह शादी की है।’ उन्होंने कहा, ‘प्रत्येक के अपने विचार हो सकते हैं। कोई भी कुछ कह सकता है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब हम राहत महसूस कर रहे हैं क्योंकि हमने शादी कर ली है।’ सानिया ने कहा कि अब जबकि उन्होंने शादी कर ली है तब वह उनकी शादी को लेकर मचे हो-हल्ले को बिसारकर खुशनुमा जिंदगी जीना चाहती हैं।सानिया ने एक सवाल के जवाब में साफ किया कि भविष्य में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैदान पर जंग में वह हमेशा भारतीय टीम का ही समर्थन करेगी लेकिन इसके साथ ही उन्होंने तुरंत जोड़ा कि वह चाहेंगी कि उनका पति शतक जड़े।





