आईपीएल बेंगलुरू टीम के कप्तान राहुल द्रविड़ ने टीम के खराब प्रदर्शन पर अपने मालिक विजय माल्या द्वारा टीम की आलोचना करने पर चुप्पी साधते हुए सिर्फ इतना कहा कि सही समय आने पर ही वे इसका जवाब देंगे।
आईपीएल 20-20 टूर्नामेंट में पंजाब के हाथों मिली हार के बाद द्रविड़ ने संवाददाताओं से कहा, “मैं सही समय पर बोलूंगा। मैं माल्या के बयान पर सार्वजनिक तौर पर नहीं बोलना चाहता”।
द्रविड़ ने कहा, “चयन और प्रदर्शन करना दो अलग-अलग चीजें हैं तथा खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा ताकि टीम जीत की राह पर आ सके”।
पूर्व भारतीय कप्तान ने पंजाब के खिलाफ टीम की हार का ठीकरा खराब बल्लेबाजी पर फोड़ा।
उन्होंने कहा, “यह सही है कि हम आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं खासतौर पर बल्लेबाजी में, यह निराशाजनक है। बल्लेबाजी एक ऐसा क्षेत्र हैं जहां हमें सोचने की जरूरत है।”
उन्होंने कहा, “अबतक अनेक योजनाओं को हमने आजमाया है, लेकिन सभी में हमें असफलता ही हाथ लगी”।