पाकिस्तान ने 'करो या मरो' के मैच में भारत को 8 विकेट के बड़े अंतर से हराकर एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। नेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में 309 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने बेहतरीन इच्छाशक्ति और जोरदार संयम का परिचय दिया और 27 गेंद तथा 8 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
पाकिस्तान की जीत में शानदार शतक लगाने वाले उसके अनुभवी बल्लेबाज यूनुस खान की अहम भूमिका रही। यूनुस खान ने 117 गेंदों पर 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से 123 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहे। दूसरी ओर नासिर जमशेद ने भी शानदार बैटिंग करते हुए 43 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 53 रन की आकर्षक और उपयोगी पारी खेली। नियमित कप्तान शोएब मलिक की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे मिस्बा-उल-हक भी अपनी छवि के अनुरूप बैटिंग करते हुए 62 गेंदों पर 70 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले, कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के शानदार अर्धशतकों तथा वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, इरफान पठान और गौतम गंभीर की सधी हुई बल्लेबाजी के दम पर भारत ने पाकिस्तान के सामने 309 रनों का लक्ष्य रखा था। भारत ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 308 रन बनाए थे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही भारतीय टीम की ओर से धोनी ने कप्तानी पारी खेलते हुए 96 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 76 रन बनाए, जबकि रोहित ने 71 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 58 रन की उपयोगी पारी खेली। सहवाग ने 33 गेंदों पर 6 चौकों और दो छक्कों की मदद से 49, युवराज ने 32 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 37 तथा गंभीर ने 32 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 35 रनों का योगदान दिया। इरफान पठान ने भी 25 गेंद पर चार चौकों की मदद से 35 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।