बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि राज्य में मुस्लिम बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें हुनरमंद बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार अगले एक साल में 50 हजार बालिकाओं को 'हुनर' सिखाया जाएगा।
प्रशिक्षित बालिकाओं को इसे बतौर रोजगार अपनाने के लिए राज्य सरकार जरूरी उपकरण भी मुहैया कराएगी। बिहार के मुस्लिम बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रारंभ किए जा रहे नि:शुल्क तालीम हुनर योजना तथा अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क शिक्षा के उद्घाटन मौके पर नीतीश ने यह बात कही।
इस समारोह में मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुन सिंह भी मौजूद थे। केंद्र के सहयोग से राज्य सरकार यह योजना कार्यान्वित करेगी। इस साल 'हुनर' योजना के तहत 12 हजार बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है। योजना की शुरुआत करते हुए नीतीश ने सांकेतिक तौर पर राज्य की तीन मुस्लिम बालिकाओं को पुस्तकों से भरा बैग दिया। अनुसूचित जाति के तीन छात्रों को नामांकन के लिए राज्य सरकार की ओर से बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से रकम दी गई।