लखनऊ के कचहरी परिसर में पेशी पर आए आतंकवादियों ने भारती विरोधी और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए। इस पर गुस्साए वकीलों ने आतंकवादियों और उनके अधिवक्ता ए. एम. फरीदी की जमकर धुनाई कर दी। 23 जून 2007 को ए. के. 47 राइफल, विस्फोटक सामग्री और डेटोनेटर के साथ वजीरगंज थाना क्षेत्न से गिरफ्तार किए गए आतंकवादी जलालुद्दीन, नौशाद, शेख जुलार हुसैन, मो. अली अकबर हुसैन, अजीबुर्रहमान और नूर इस्लाम को मंगलवार को अपर सेशन जज शक्तिकांत के समक्ष पेश किया गया। इससे पहले इन आतंकवादियों ने पुलिस गाड़ी से उतरते ही देश विरोधी नारे लगाए।
इससे नाराज वकीलों ने आतंकवादियों और उनके वकील ए. एम. फरीदी की धुनाई कर दी। अदालत में इनके पेश होते ही वकीलों के एक समूह ने जज को बताया कि आतंकियों ने देश विरोधी एवं पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए हैं। इस पर अदालत ने पुलिस को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। अदालत ने अगली सुनवाई आगामी चार सितंबर तय की है।