जयपुर, अहमदाबाद और बेंगलुरु के बाद दिल्ली में हुए आतंकवादी विस्फोटों की जिम्मेदारी लेने वाले संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने मुंबई में हमला करने की धमकी दी है। लगभग चार महीनों के दौरान हुए इन आतंकवादी हमलों में 130 लोगों की जानें गईं और सैकड़ों अन्य घायल हुए।मुंबई पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते पर मुस्लिमों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए इंडियन मुजाहिदीन ने एक ईमेल में कहा है कि वह इस दस्ते की गतिविधियों पर निगाह रखे हुए है।
संगठन ने ईमेल में लिखा है, 'तुम्हें जानना चाहिए कि हम तुम्हारी हरकतों से अनजान नहीं हैं। हमारी नजर तुम्हारी हर हरकत पर है और हमें केवल सही समय का इंतजार है। हाल ही में अंसार नगर और अंधेरी के मोगरापाड़ा इलाकों में रात के वक्त मारे गए छापों और मुस्लिमों के खिलाफ की गई कार्रवाई की खबर भी हमें है।'
मेल में लिखा है कि मुस्लिम महिलाओं और बच्चों के साथ जिस तरह का गंदा सुलूक पूछताछ के दौरान किया जा रहा है उसकी कीमत भविष्य में मुंबई के लोगों को अपनी जान देकर चुकानी होगी और इसके जिम्मेदार होंगे मुंबई एटीएस के संरक्षक विलासराव देशमुख और आरआर पाटिल। मेल में राजस्थान के उपपुलिस महानिरीक्षक एके जैन को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में गुरुअलहिंदी और अल-अरबी नाम से दो हस्ताक्षर भी किए गए हैं।