पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने तेल एवं गैस के दामों में भारी वृद्धि को जायज ठहराते हुए कहा कि उनकी सरकार अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाने की खातिर उठाए गए अलोकप्रिय कदमों को वापस लेने में असमर्थ हैं। पाकिस्तान में गैस की कीमत में 31 फीसदी तथा पेट्रोल डीजल की कीमतों में दस फीसदी का इजाफा किया गया है।
गिलानी ने यहां स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था में असंतुलन की वृद्धि इस बात की परिचायक है कि हम इस अलोकप्रिय कदम उठाये बिना इस स्थिति को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को धीमी आर्थिक वृद्धि, बढ़ती मुद्रास्फीति, विनियम दर में अस्थिरता तथा चालू खाते में एवं राजकोषीय बढ़ते घाटे की स्थिति से निपटना है। उन्होंने कहा कि देश को एक निश्चित समय सीमा में इस स्थिति से बाहर निकालना है। गिलानी ने कहा कि आर्थिक उदारीकरण विनियमीकरण तथा निजीकरण की पारदर्शी प्रक्रिया सरकार के आर्थिक सुधार एजेंडे के मूलभूत सिद्धांत होगी।