पश्चिम बंगाल सरकार माओवादियों पर प्रतिबंध लगाने पर विचार नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माओवादियों से राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर ही निपटा जाएगा और सामाजिक-आर्थिक विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। गृह (पुलिस) विभाग के प्रभारी भट्टाचार्य ने विपक्ष के नेता पार्थ चटर्जी को बताया कि दिल्ली में प्रधानमंत्री के साथ हाल में हुई बैठक में कई राज्यों का सुझाव था कि माओवादियों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार इससे इत्तफाक नहीं रखती।
उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार माओवाद प्रभावित क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक विकास पर ध्यान केंद्रित करेगी। नक्सलबाड़ी आंदोलन में नक्सली समस्या का समाधान राजनीतिक और प्रशासनिक तरीके से ही किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि हत्या, लूट, आतंक और डकैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले माओवादियों पर सरकार कड़ी नजर रखेगी। माओवाद प्रभावित क्षेत्र पुरूलिया, बांकुरा और पश्चिम मिदनापुर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।