दो नए अमरीकी जन मत सर्वेक्षणों में रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जौन मैककेन, डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार बराक ओबामा से आगे हैं ।यूएसए टुडे गैलप मत सर्वेक्षण के अनुसार श्री मैककेन को 50 प्रतिशत और श्री ओबामा को 46 प्रतिशत पंजीकृत मतदाताओं का समर्थन प्राप्त है ।
एक अन्य गैलप दैनिक सर्वेक्षण के अनुसार श्री मैककेन 45 के मुक़ाबले 48 प्रतिशत से श्री ओबामा से आगे हैं । सर्वेक्षणों से पता चलता है कि श्री मैककेन को पिछले सप्ताह हुए रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन और अलास्का की गवर्नर सैरा पेलिन को उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद बढ़त हासिल हुई ।
उप राष्ट्रपति डिक चेनी ने रोम में पत्रकारों से कहा कि मैककेन प्रशासन में पेलिन के सफल उप राष्ट्रपति न होने का कोई कारण नहीं है । श्री चेनी ने कहा उनके विचार में पिछले सप्ताह सेंट पौल, मिनेसोटा में रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन में उनका भाषण काफ़ी प्रभावशाली था ।