अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा की विदेशी मामलों की समिति के अध्यक्ष हावर्ड एल बेरमैन ने कहा कि पाकिस्तान का कबायली इलाका हजारों आतंकियों के लिए शरणस्थल बना हुआ है। ये आतंकी पाकिस्तान और पड़ोसी अफगानिस्तान को अस्थिर करने के साथ ही पूरी दुनिया पर आतंकी हमलों की योजना बनाने का काम कर सकते है।
'पाकिस्तान में अमेरिकी नीति: क्षेत्रीय सुरक्षा, स्थिरता और विकास के निहितार्थ' की सुनवाई की शुरुआत करते हुए बेरमैन ने कहा कि रक्षा विशेषज्ञ इस इलाके को अलकायदा के भविष्य के गढ़ के रूप में देख रहे है। डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद बेरमैन ने कहा कि पाकिस्तान में अमेरिकी नीति की फिर से समीक्षा करना आवश्यक है। कबायली क्षेत्र में एक नए तरह का प्रशासन स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है। पाकिस्तान की नई सरकार द्वारा कबायली नेताओं से वार्ता करने की कोशिश के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए बेरमैन ने कहा कि इससे अलकायदा और तालिबान को एक सुरक्षित शरणस्थान मिल जाएगा और वह अपने आतंकी हमलों के लिए एकजुट हो जाएंगे।