अमेरिका में अगले साल अल कायदा के बड़े आतंकवादी हमले की चेतावनी दी गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में व्हाइट हाउस के उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई। गौरतलब है कि हाल ही में निर्दलीय सीनेटर जोइ लिबरमेन ने भी वर्ष 2009 में अमेरिका पर बड़े आतंकवादी हमले की आशंका जाहिर की थी।
हालांकि व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव डाना पेरिनो ने इस तरह की चेतावनी के बारे में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की, लेकिन उन्होंने श्री लिबरमेन की आशंका के बारे में इतना जरूर कहा कि दुर्भाग्यवश उनकी आशंका सही हो सकती है।
सुश्री पेरिनो ने कहा, हम जानते हैं कि कुछ बेहद खतरनाक इरादों वाले लोग अमेरिका में सक्रिय हैं और वे इस तरह की कारगुजारियों को अंजाम देने की फिराक में हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग अमेरिका पर हमले की योजना बना रहे हैं, वे बेहद गुप्त तरीके से काम करते हैं और इनकी गतिविधियां दुनिया के दूरदराज वाले दुर्गम इलाकों में गुफाओं से संचालित हो रही हैं।
राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश की इन खतरों से निपटने की नीति के बारे में सुश्री पेरिनो ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि समय आने पर बिना किसी इंतजार के माकूल कदम उठाया जाएगा।