उत्तर कश्मीर में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच चल रही भीषण मुठभेड में जूनियर कमीशन प्राप्त तीन अधिकारियों सहित छह जवान शहीद हो गए हैं और 12 पाकिस्तानी घुसपैठिये मारे गए हैं।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि इस सप्ताह के शुरू में साधना टॉप में नियंत्रण रेखा की चौकसी कर रहे सैनिकों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की तरफ से उग्रवादियों के एक ग्रुप को सीमा के भीतर घुसपैठ करते देखा और उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। लेकिन हथियारबंद आतंकवादियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी और उन पर ग्रेनेड भी फेंके।
जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पहले दिन दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया। इस मुठभेड़ में एक जूनियर कमीशन प्राप्त अधिकारी भी शहीद हो गया।
प्रवक्ता ने बताया कि दूसरे दिन छह और घुसपैठिये मारे गए। तलाशी अभियान को समीपवर्ती जिलों के अन्य क्षेत्रों तक बढाया गया है। उन्होंने बताया कि एक और मुठभेड में तीन और आतंकवादी मारे गए। इस दौरान दो जेसीओ समेत पांच जवान भी शहीद हो गए। अंतिम समाचार मिलने तक तलाशी अभियान जारी था।
तीन साल से अधिक समय बाद यह पहली बार है जब इतनी बडी संख्या में घुसपैठियों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश की। इससे पहले एक बार में चार या पांच आतंकवादी ही इस मार्ग से घुसपैठ करने की कोशिश करते रहे हैं।