अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के बारे में पुलिस को कुछ नई जानकारियां हाथ लगी हैं। दाऊद, जिसके खतरनाक चेहरे पर हमने हमेशा मूंछें देखी हैं, कभी उनके चेहरे पर मूंछ नहीं थी। सीबीआई को इसकी जानकारी 1993 के सीरियल बम धमाके के आरोपी करीमुल्लाह खान के एलबम से मिली, जिसमें दाऊद अपने कुछ साथियों के साथ बिना मूंछों के नज़र आए। दाऊद बिना मूंछों वाली ये तस्वीरें 2003 के आसपास की हैं। खान को मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच ने पिछले महीने धर दबोचा था। खान कराची स्थित दाऊद के बंगले में काम कर चुका है।
खान ने जांच अधिकारियों को बताया कि पिछले कुछ समय से दाऊद का वजन कुछ बढ़ गया है और अब वह पहले से ज्यादा गोरा दिखता है। नामी फिजिशन और डायटिशन नियमित तौर पर दाऊद का हेल्थ चेकअप करते रहते हैं। खान के मुताबिक दाऊद के बंगले के पास बने स्पेशल क्वॉर्टर में एक डॉक्टर और दो नर्स हमेशा मौजूद रहते हैं। यह क्वॉर्टर साल 2003 के आखिर में तैयार किया गया था, जब दाऊद को सीने में तकलीफ से जूझना पड़ा था। इस एलबम में दाऊद के भाई और कराची के उसके कुछ लोगों के कई फोटो हैं। खान के इस एलबम में दाऊद के भाई अनीस इब्राहिम की बेटी की साल 2002 में हुई शादी के भी कई फोटोग्राफ मौजूद हैं।