पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान इलाके में अमेरिकी लड़ाकू विमान से किये गये मिसाइल हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गयी।गौरतलब है कि अफगानिस्तान सीमा पर तालिबान और अल कायदा पर लगाम कसने के मामले में पाकिस्तान और अमेरिका के बीच बढते तनाव के दौरान यह पाक सीमा के अंदर यह पहला मिसाइल हमला है।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार मिरानशाह कस्बे से पांच किमी दूर स्थित तूल खेल गांव में हुये इस मिसाइल हमले में कम से कम 12 लोगों के मारे जाने की आशंका है। अफगानिस्तान में तैनात अमेरिकी सेनाएं इन दिनों तालिबान और अल कायदा आतंकवादियों के खिलाफ अभियान तेज कर रही हैं। अमेरिकी सेना का मानना है कि ये आतंकवादी पाकिस्तान के कबाइली इलाकों में सुरक्षित शरणगाह पाते हैं। पाकिस्तान इस नजरिए का कड़ा विरोध करता है।
अफगानिस्तान में उग्रवाद में तीव्रता आने के साथ ही, जुलाई में राष्ट्रपति बुश ने गुप्त रूप से अमेरिकी सेना को पाकिस्तान की सीमा के अंदर कार्रवाई के अधिकार दे दिए थे। इसके तहत अब अफगानिस्तान में तैनात अमेरिकी सैन्य कमांडरों को पाकिस्तान की जमीन पर आतंकवादियों पर हमले के लिए पाकिस्तानी सरकार की इजाजत लेने की जरूरत नहीं। सुरक्षा अधिकारियों ने हालांकि एक हमले की पुष्टि की है, लेकिन स्थानीय लोगों ने दो मिसाइल हमले किये जाने की बात कही है।अमेरिका की ओर से इस बारे में अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।