पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर में स्थित मोहमंद एजेंसी में स्थानीय तालिबान ने महिलाओं के लिए तुगलकी फरमान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि महिलाएं बिना बुर्के के घर से बाहर नहीं निकलें। यह आदेश न मानने वाली महिलाओं के पुरुष संबंधियों को दंडित किया जाएगा।
तहरीक-ए-तालिबान के प्रवक्ता असद ने बताया कि समूह के स्थानीय कमांडर उमर खालिद ने यह आदेश जारी किया है। इस आदेश का मुख्य उद्देश्य पर्दा नहीं करने वाली महिलाओं के पुरुष संबंधियों को दंडित करना है। आतंकियों ने मोहमंद एजेंसी के उप जिला लाक्रो के किलागई से तीन स्थानीय लोगों के अपहरण का भी दावा किया है।
असद ने कहा कि तालिबान ने तीन ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जिन्होंने एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले रखा था। उनके साथ इस्लामिक कानून के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। गाजी बैग क्षेत्र से गायब दो लोगों की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है।