ब्रिटेन में कार्निवल के दौरान आतंकवादी सरगना ओसामा बिन लादेन का भेष धरने के कारण एक पुलिस अधिकारी की अच्छी खासी क्लास लग गई। यह पुलिस अधिकारी कोई और नहीं बल्कि पुलिस प्रमुख कोलिन टेरी हैं, जो अफगानिस्तान में कई पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दे चुके हैं।
समाचार-पत्र ‘गार्डियन’ के मुताबिक न जाने टेरी को क्या सूझा कि गांव ग्रामपाउंड में कार्निवल उत्सव के दौरान तरह तरह की पोशाकें पहनकर आने वालों के बीच उन्होंने ओसामा सी पगड़ी और चोगा पहन लिया।
उनके लिए तो यह महज उत्सव का एक मजा था, लेकिन पुलिस को जब इसकी खबर लगी तो उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई और पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि, “टेरी को अब अफगानिस्तान नहीं भेजा जाएगा”।हालांकि यह पता नहीं लग सका कि टेरी को अफगानिस्तान नहीं भेजने का फैसला मौजूदा घटना से जुड़ा है या नहीं। उधर टेरी ने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा, “मेरी कोई गलत मंशा नहीं थी। मैं सोच भी नहीं सकता कि मेरी वेषभूषा से लोग इतना खौफ खाने लगेंगे”।